लखीमपुर खीरी में घर के बाहर खेल रही एक बच्ची पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया बच्ची की चीख सुनते ही बुआ ने अपनी जान की परवाह किए बगैर तेंदुए से लड़ गई
अपनी भतीजी को तेंदुए के मुंह से छीन लिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए। तेंदुआ वहां से बच्ची को छोड़कर भाग गया। तेंदुए के हमले से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला मझगई वन रेंज के मुंशीगढ़ गांव का है।
बता दें कि मझगई वन रेंज के मुंशीगढ़ गांव के रहने वाले मोहम्मद इश्तियाक ने बताया कि उनकी सात साल की बेटी कशबी बानो घर के बाहर खेल रही थी। मेरे घर के आस पास गन्ने के खेत हैं। तभी अचानक खेत से निकल कर वहां तेंदुआ आ गया।
तेंदुआ ने बेटी पर हमला कर दिया। हमला करते ही बेटी जोर से चीखने लगी। चीख सुनकर पास में मौजूद मेरी बहन इकराना ने हिम्मत करके अपनी जान की परवाह किए बगैर मेरी बेटी को तेंदुए के मुंह से छीन लिया।
वहीं तेंदुआ पास के ही गन्ने के खेत में छिप गया। तेंदुए के हमले में मेरी बेटी घायल हो गई है। जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन में भर्ती कराया है। जहां के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत गम्भीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मझगई वन रेंज के रेंजर अंकित सिंह ने बताया कि बच्ची खेत पर गई थी वहीं पर तेंदुए ने बच्ची पर हमला किया है। हमले में घायल बच्ची को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों से सावधान रहने की अपील की गई। तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव के पास पिंजरे लगाए जाएंगे।
*ब्यूरो चीफ असगर अली लखीमपुर खीरी*